नीमच मंदसौर की सभी तहसीलों में संवाददाता नियुक्त करना है इच्छुक पत्रकार संपर्क करें 9589382995

अठाना। स्थानीय नगर एवं आसपास के गांवों में लगातार मिल रहे लो वोल्टेज तथा बार-बार बिजली की आंख मिचौली से नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। भीषण गर्मी और उमस के दौर में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि महीने में लगभग दस बार मेंटेनेंस के नाम पर तीन-तीन घंटे बिजली बंद रखी जाती है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा किसी न किसी बहाने विद्युत सप्लाई बाधित कर दी जाती है, वहीं शेष समय में लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। कम वोल्टेज के कारण कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरण सही ढंग से नहीं चल पा रहे हैं। गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं, वहीं छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। नागरिकों का कहना है कि बार-बार बिजली जाने और वोल्टेज की कमी से घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। कई बार अचानक बिजली बंद होने से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने का खतरा बना रहता है। नागरिकों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द विद्युत व्यवस्था में सुधार किया जाए तथा लो वोल्टेज और अनावश्यक कटौती की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।