नीमच / पालसोडा - जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशहरा के पावन पर्व पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद नीमच के निर्देशानुसार एक विशेष पहल की गई। नवांकुर संस्था 'हेल्पिंग हैंड वेलफेयर सोसाइटी' नीमच के तत्वाधान में प्रस्फुटन समिति पालसोड़ा द्वारा सोमवार, 25 मई 2026 को सुबह 8:00 बजे ग्राम पंचायत परिसर पालसोड़ा में भव्य गंगा कलश यात्रा एवं जल स्रोत पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधि-विधान से हुआ शुभारंभ, महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित श्री घनश्याम शास्त्री द्वारा पूरी विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर किया गया। इस पावन अवसर पर ग्राम की महिलाओं द्वारा अत्यंत उत्साह के साथ 'जल गंगा कलश यात्रा' निकाली गई। कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सुप्रसिद्ध श्री नर्वदेश्वर महादेव मंदिर पहुँची। जहाँ श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और महाआरती कर विश्व कल्याण की कामना की। जल स्रोतों का पूजन और संरक्षण का संकल्प कलश यात्रा और जलाभिषेक के पश्चात उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों द्वारा स्थानीय जल स्रोत की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान प्रस्फुटन समिति के सचिव सत्यनारायण राठौर ने ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने संस्था द्वारा चलाई जा रही साफ-सफाई, जल स्रोतों के संरक्षण और जन-जागरूकता गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और उनके जीर्णोद्धार के लिए जागरूकता लाने का सामूहिक संकल्प लिया। "जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के प्रति आम जनता की सहभागिता बेहद जरूरी है। आने वाली पीढ़ियों के लिए जल स्रोतों को बचाना और उन्हें प्रदूषित होने से रोकना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।" — रामनारायण 'गुड्डू' जाट (सरपंच प्रतिनिधि, पालसोड़ा) कार्यक्रम में ये रहे मुख्य रूप से उपस्थित इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच प्रतिनिधि रामनारायण 'गुड्डू' जाट, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष समरथ सेन, एवं विशेष अतिथि के रूप में उपसरपंच शांतिलाल 'पप्पू' पाटीदार उपस्थित थे। इसके साथ ही मोहनलाल भगत धनगर, मदन पाटीदार, मुकेश कच्छावा, सत्यनारायण सेन, अर्जुन मोदी, मानु राठौर, समिति सदस्य अनीता सेन सहित क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की दीदियाँ और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं व प्रबुद्ध जन मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी को प्रसाद वितरित किया गया।