फारबिसगंज, 17 जुलाई। अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के वर्ष 2026–2029 के लिए होने वाले चुनाव को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में फारबिसगंज के वरिष्ठ समाजसेवी श्याम सुंदर माहेश्वरी के कार्यालय में चुनाव प्रचार एवं जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महासभा चुनाव में विभिन्न पदों के लिए चुनाव मैदान में उतरे पूर्व अध्यक्ष संदीप काबरा, अजय काबरा, कैलाश काबरा, इंद्रचंद गट्टानी, बिनोद जी जाजू, नारायण राठी एवं विजय राठी उपस्थित रहे। सभी प्रत्याशियों ने समाज के सदस्यों के समक्ष अपना परिचय देते हुए अपने विचार, कार्ययोजना और समाज के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को विस्तार से रखा तथा समाज के सहयोग और समर्थन की अपील की। बैठक के दौरान समाजसेवी राज कुमार लढ़ा ने भी समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी बात प्रत्याशियों के समक्ष रखी। उपस्थित प्रत्याशियों ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना तथा समाजहित में मिलकर कार्य करने का भरोसा व्यक्त किया। प्रत्याशियों ने आगामी 20सितबर को कोलकाता में होने वाले चुनाव में श्याम सुंदर माहेश्वरी को अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। इस अवसर पर दिलीप खेमानी एवं शंकर माहेश्वरी सहित समाज के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने आपसी सौहार्द के साथ अल्पाहार ग्रहण किया। इसके पश्चात चुनाव प्रचार के अगले चरण के लिए सभी प्रत्याशी नेपाल की ओर प्रस्थान कर गए। समाज के सदस्यों ने इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों को सकारात्मक बताते हुए कहा कि इससे मतदाताओं को प्रत्याशियों के विचारों एवं योजनाओं को निकट से जानने का अवसर मिलता है, जिससे वे अपने मताधिकार का सही एवं जागरूक उपयोग कर सकें।