नीमच मंदसौर की सभी तहसीलों में संवाददाता नियुक्त करना है इच्छुक पत्रकार संपर्क करें 9589382995

फारबिसगंज। तेरापंथ भवन, साधन श्री परिसर के खुले मैदान में 29 एवं 30 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाले उत्सव कार्निवल 2025 की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। यह दो दिवसीय भव्य आयोजन स्थानीय तेरापंथ महिला मंडल एवं कन्या मंडल के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। महिला मंडल की अध्यक्षा समता दुगड़ ने मीडिया प्रभारी राज कुमार लढ़ा को जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्निवल का भव्य उद्घाटन 29 दिसंबर को दोपहर 2 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम के व्यवस्था प्रभारी शैलेश बैद ने आगे बताया कि यह आयोजन समाज के सभी वर्गों के लिए खुला है तथा इसमें प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। कार्निवल में बच्चों, युवाओं एवं बुजुर्गों सभी के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए तरह-तरह की मनोरंजक गेम्स, फूड स्टॉल्स, शॉपिंग काउंटर, झूले, म्यूजिक व लाइट्स की आकर्षक व्यवस्था की गई है। दो दिवसीय मेले में लगभग 35 स्टॉल्स लगाए जाने की संभावना है, जिनमें चटपटे व्यंजन, घरेलू साज-सज्जा सामग्री, लेडिज एसेसरीज, साड़ी, सूट, ऊनी वस्त्र एवं फैंसी कपड़ों की भरमार रहेगी। फारबिसगंज शहर के जाने-माने व्यवसायियों द्वारा किफायती दरों एवं विशेष ऑफर्स के साथ स्टॉल लगाए गए हैं। साथ ही शहर के कई प्रतिष्ठानों द्वारा इस कार्यक्रम को प्रायोजित भी किया गया है। कार्निवल की संयोजिकाएं समता बोथरा एवं अंजू बैद ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज का उत्थान करना तथा नारी शक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार में तेरापंथ महिला मंडल एवं सभी तेरापंथ संस्थाएं सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं। शहर के प्रमुख चौराहों पर कार्निवल के पोस्टर एवं होल्डिंग्स लगाए जा चुके हैं। नए साल के स्वागत में यह आयोजन फारबिसगंज के लिए एक अनोखा और आकर्षक मेला साबित होने जा रहा है। इस आयोजन को सफल बनाने में तेरापंथ महिला मंडल की उपाध्यक्षा सविता महनोत, कन्या मंडल संयोजिका हर्षा सेठिया, संयोजिका समता बोथरा, अंजू बैद, प्रिया डागा, भाग्यश्री डागा, व्यवस्था प्रभारी शैलेश बैद, सभा, युवक परिषद सहित सभी सदस्य जी-जान से जुटे हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति सशक्त बल के साथ की गई है, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके। सभा अध्यक्ष महेंद्र बैद एवं मंत्री मनोज भंसाली ने महिला मंडल एवं कन्या मंडल को इस भव्य आयोजन की सफलता हेतु अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।