फारबिसगंज । बिहार प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजित BPMYM स्पोर्ट्स कार्निवाल सीजन–1 के दूसरे दिन खेले गए मुकाबले दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक साबित हुए। चौकों-छक्कों की गूंज से मैदान गुलजार रहा और खेल प्रेमियों ने पूरे जोश के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। पहला मैच फारबिसगंज एवं भागलपुर के बीच खेला गया। फारबिसगंज ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। भागलपुर की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फारबिसगंज की टीम ने 11 ओवर में 4 विकेट खोकर 151 रन बनाते हुए 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए सौरव अग्रवाल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच के बाद पाठशाला स्कूल के डायरेक्टर पिंटू गोयल ने फारबिसगंज की जीत पर खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं में खेल प्रतिभा भरपूर है और ऐसे आयोजन उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। वहीं लायंस क्लब अध्यक्ष सीए दीपक अग्रवाल ने विजेता टीम को बधाई देते हुए इसे अनुशासन व टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। आगे मीडिया राज कुमार लढ़ा से कहा कि इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं था, लेकिन टीम के संयम और आत्मविश्वास ने जीत सुनिश्चित की। यह जीत भविष्य के मैचों के लिए टीम का मनोबल बढ़ाएगी।" दूसरे मैच में मुज़फ्फरपुर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला लिया। कटिहार की टीम ने 12 ओवर में 5 विकेट खोकर 112 रन बनाए। जवाब में मुज़फ्फरपुर की टीम ने आक्रामक बल्लेबाज़ी करते हुए 7 ओवर 1 गेंद में 2 विकेट खोकर 113 रन बनाते हुए 8 विकेट से जीत दर्ज की। 22 रन देकर 3 विकेट लेने वाले दीपक शर्मा को मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी प्रदान की गई। इस अवसर पर प्रांतीय खेलकूद संयोजक निशांत गोयल ने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय है और यह मंच युवा प्रतिभाओं को निखारने का कार्य कर रहा है। तीसरा मुकाबला दरभंगा और किशनगंज के बीच खेला गया। दरभंगा ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण चुना। किशनगंज की टीम ने 12 ओवर में 3 विकेट खोकर 160 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए दरभंगा की टीम ने 11 ओवर 2 गेंद में 7 विकेट से जीत हासिल की। इस मैच में आर्यन सिंघानिया को मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रांतीय अध्यक्ष अश्वनी खटोड़ ने कहा कि BPMYM स्पोर्ट्स कार्निवाल युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने का एक सशक्त प्रयास है। आगे उनोन्हे ने मारवाड़ी समाज के पत्रकार राज कुमार लढ़ा से कहा कि यह कार्निवाल केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि बिहार के मारवाड़ी युवाओं को एक सूत्र में पिरोने का एक सशक्त माध्यम है। खिलाड़ियों का अनुशासन और खेल भावना इस सीजन की सफलता का प्रमाण है। वहीं फारबिसगंज मारवाड़ी युवा मंच अध्यक्ष गौरव जैन ने बताया कि दर्शकों की भारी उपस्थिति से खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना हो गया है। आगे जानकारी देते हुवे बताया कि कल (शुक्रवार) को फारबिसगंज बनाम कटिहार, किशनगंज बनाम भागलपुर एवं दरभंगा बनाम मुज़फ्फरपुर के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। मैदान गणमान्य दर्शकों से खचाखच भरा रहा और पूरे दिन खेल उत्सव जैसा माहौल बना रहा।पूरा मैदान दर्शकों के शोर और उत्साह से गुंजायमान रहा। कड़ाके की ठंड के बावजूद भारी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने हर चौके-छक्के पर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।