नीमच मंदसौर की सभी तहसीलों में संवाददाता नियुक्त करना है इच्छुक पत्रकार संपर्क करें 9589382995

बिहार प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजित BPMYM स्पोर्ट्स कार्निवाल सीजन–1 के तीसरे दिन के मुकाबले बेहद रोमांचक और दर्शकों से भरपूर रहे। खेल प्रारंभ होने से पूर्व चैम्बर ऑफ कॉमर्स अररिया जिला अध्यक्ष मूलचन्द गोलछा एवं नगरपालिका वार्ड पार्षद बुलबुल यादव को बिहार प्रांतीय अध्यक्ष अश्वनी खटोड़ द्वारा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आज का पहला मुकाबला फारबिसगंज एवं कटिहार के बीच खेला गया। कटिहार ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। फारबिसगंज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 183 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में कटिहार की टीम 12 ओवर में 8 विकेट खोकर मात्र 119 रन ही बना सकी। फारबिसगंज के ऑलराउंडर विकाश खेमानी ने 3 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि गेंदबाज़ हर्ष बैद ने 2 ओवर में 15 रन देकर 2 विकेट झटके। बल्लेबाजी में संदीप गोलछा ने मात्र 28 गेंदों पर 10 छक्कों की मदद से 73 रनों की विस्फोटक पारी खेली और उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार चैम्बर ऑफ कॉमर्स अररिया जिला अध्यक्ष मूलचन्द गोलछा के हाथों प्रदान किया गया। इस अवसर पर मूलचन्द गोलछा ने कहा इस तरह के खेल आयोजन युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। मारवाड़ी युवा मंच ने समाज को सकारात्मक दिशा देने का उत्कृष्ट कार्य किया है।” दिन का दूसरा मुकाबला किशनगंज एवं भागलपुर के बीच खेला गया। किशनगंज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 114 रन बनाए। भागलपुर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मात्र 6 ओवर 5 गेंदों में 1 विकेट खोकर 115 रन बनाते हुए मुकाबला 9 विकेट से जीत लिया। भागलपुर के हर्षित केडिया ने 20 गेंदों पर 6 छक्के और 5 चौकों की मदद से 60 रन की तूफानी पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। इस मौके पर जोन–7 के सहायक मंत्री कुशल लोढ़ा ने कहा “BPMYM स्पोर्ट्स कार्निवाल युवाओं की प्रतिभा को मंच देने का सशक्त माध्यम बन चुका है। यह आयोजन सामाजिक एकता और खेल संस्कृति को मजबूत कर रहा है।” दिन का अंतिम मुकाबला दरभंगा एवं मुज़फ्फरपुर के बीच खेला गया। दरभंगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। मुज़फ्फरपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए दरभंगा की टीम 12 ओवर में 100 रन पर ऑलआउट हो गई। मुज़फ्फरपुर ने यह मुकाबला 77 रन से जीत लिया। इस मैच में आयुष को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। साहित्य प्रकाशन संयोजक आदर्श गोयल ने कहा — “खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि संस्कार और अनुशासन की पाठशाला है। BPMYM का यह प्रयास सराहनीय है।” खेल सह-संयोजक सोनू केजरीवाल ने कहा खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि यह कार्निवाल पूरी तरह सफल हो रहा है।” आगामी खेलों की जानकारी खेलकूद संयोजक निशांत गोयल ने बताया कि बैडमिंटन टूर्नामेंट 18 जनवरी 2026 से गोलछा ग्रुप मिल कैंपस में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा, जिसमें 17 टीमें भाग लेंगी।19 जनवरी 2026 से तेरापंथ महावीर भवन में चेस, कैरमबोर्ड एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं होंगी। चेस: 12 खिलाड़ी,कैरमबोर्ड: 8 खिलाड़ी,टेबल टेनिस: 16 खिलाड़ी भाग लेंगे।उन्होंने बताया कि बिहार के कोने-कोने से खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। कल शनिवार, चौथे दिन मुज़फ्फरपुर बनाम फारबिसगंज, भागलपुर बनाम दरभंगा एवं किशनगंज बनाम कटिहार के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने मैदान पर अमनदीप हेमब्रोन (सहायक आयुक्त, सीमा शुल्क फारबिसगंज), मुकेश कुमार भारद्वाज (अधीक्षक) एवं गोपाल कुमार वर्मा (अधीक्षक) उपस्थित रहे। इनके हाथों से मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी प्रदान की गई। इस अवसर पर उन्होंने कहा — “मारवाड़ी युवा मंच द्वारा किया जा रहा यह आयोजन खेल के साथ-साथ सामाजिक समरसता का भी बेहतरीन उदाहरण है।” दर्शकों की भारी भीड़ मैच के दौरान मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा, हर चौके-छक्के पर तालियों की गूंज और उत्साह ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया।