नीमच मंदसौर की सभी तहसीलों में संवाददाता नियुक्त करना है इच्छुक पत्रकार संपर्क करें 9589382995

फारबिसगंज। बिहार प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच (BPMYM) द्वारा स्थानीय हवाई फील्ड मैदान में आयोजित भव्य स्पोर्ट्स कार्निवाल सीजन–1 अब अपने निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुका है। शनिवार को खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया, जिसमें भागलपुर और मेजबान फारबिसगंज की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति, टॉस के साथ हुआ आयोजन का शुभारंभ हुआ मैच की औपचारिक शुरुआत मुख्य अतिथि बिहार विधान परिषद सदस्य (MLC) श्री राजेन्द्र गुप्ता ने टॉस उछालकर की। इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष गौरव जैन, प्रांतीय अध्यक्ष अश्विनी खटोड़ एवं प्रांतीय खेल संयोजक निशांत गोयल ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए श्री गुप्ता भावुक हो उठे। उन्होंने कहा, "मैंने भी फारबिसगंज ली एकेडमी स्कूल मे क्रिकेट खेला है। आज तकनीक बदल गई है, लेकिन खेल की भावना आज भी वही है।" उन्होंने मारवाड़ी युवा मंच के इस आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए खेलों के विकास हेतु हरसंभव सरकारी सहयोग का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि ललित केडिया ने भी अपने पुराने मित्र राजेन्द्र गुप्ता के व्यक्तित्व और मंच द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन की प्रशंसा की। पहला सेमीफाइनल मुकाबला किशनगंज और भागलपुर के बीच खेला गया। किशनगंज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 6 विकेट खोकर 104 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भागलपुर की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और मात्र 5.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 110 रन बनाकर मैच 8 विकेट से जीत लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए हर्षित केडिया को नगर पालिका अध्यक्षा वीणा देवी के हाथों मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी प्रदान की गई। *दूसरा सेमीफाइनल: सांसें रोक देने वाला मुकाबला* फारबिसगंज ने 1 रन से मारी बाज़ी- दिन का दूसरा सेमीफाइनल बेहद रोमांचक रहा। मुजफ्फरपुर ने टॉस जीतकर फारबिसगंज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। फारबिसगंज की टीम ने 12 ओवर में 7 विकेट खोकर 134 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में मुजफ्फरपुर की टीम ने अंतिम ओवर तक संघर्ष किया, लेकिन 12 ओवर में 8 विकेट पर 133 रन ही बना सकी। इस तरह फारबिसगंज ने यह मुकाबला मात्र 1 रन से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मयूर दुगड़ एवं बादल मूंदड़ा (संयुक्त रूप से) को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जिन्हें मूलचंद गोलछा एवं राज कुमार अग्रवाल ने पुरस्कार प्रदान किया। मैदान में उत्सव का माहौल मैच के दौरान मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा। महिलाओं सहित खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और शानदार प्रदर्शन पर इनामों की बौछार की। प्रांतीय पदाधिकारियों शरद कानोड़िया, अर्पित केशान, आकाश कन्दोई एवं राजीव टीब्रेवाल ने फारबिसगंज शाखा की सक्रियता की प्रशंसा करते हुए आयोजन को अत्यंत सफल बताया। 20 जनवरी को खेला जाएगा क्रिकेट फाइनल- आयोजन समिति के अध्यक्ष गौरव जैन ने बताया कि बैडमिंटन टूर्नामेंट के परिणाम देर रात तक घोषित किए जाएंगे, जबकि क्रिकेट का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला 20 जनवरी, मंगलवार को खेला जाएगा। इस अवसर पर बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष बछराज राखेचा, गोलछा ग्रुप के मूलचंद गोलछा एवं अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष राज कुमार अग्रवाल ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।