फारबिसगंज। बिहार प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच (BPMYM) द्वारा आयोजित स्पोर्ट्स कार्निवाल सीजन–1 के अंतर्गत बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ 18 जनवरी को गोलछा मिल कंपाउंड में भव्य रूप से हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन प्रांतीय अध्यक्ष अश्वनी खटोड़ एवं खेलकूद संयोजक निशांत गोयल ने संयुक्त रूप से किया। इस प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों ने भाग लिया। पहले दिन कुल 8 प्री-क्वार्टर फाइनल एवं 4 क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कड़े मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल में मुज़फ्फरपुर की 2 टीमें, फारबिसगंज की 1 टीम एवं किशनगंज की 1 टीम ने अपनी जगह पक्की की। प्रांतीय अध्यक्ष अश्वनी खटोड़ ने कहा कि युवा मंच द्वारा खेलों को बढ़ावा देना समाज के लिए सकारात्मक दिशा है। ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करते हैं। वहीं फारबिसगंज मारवाड़ी युवा संगठन के अध्यक्ष गौरव जैन ने कहा कि “स्थानीय स्तर पर इस प्रकार के आयोजन से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है और समाज में खेल संस्कृति मजबूत होती है। दीपक अग्रवाल मैचों का प्रबंधन और संचालन (Handling) कर रहे थे।"मुख्य अंपायर की भूमिका सपन कुमार दास ने निभाई, जबकि लाइन मैन के रूप में चिराग जैन, सौरव अग्रवाल, रिसभ अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, ऋषभ अग्रवाल, ऐश जैन, प्रतीक बाहेती एवं मनिका बैद ने सहयोग किया। स्कोरर की जिम्मेदारी पुनीत अग्रवाल ने संभाली। चेंबर ऑफ कॉमर्स अररिया जिले के अध्यक्ष मूलचंद गोलछा ने कहा कि “इस तरह के खेल आयोजन शहर में सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं।” बिहार प्रदेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष बछराज राखेचा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि “युवा मंच खेलों के माध्यम से समाज को एकजुट करने का उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।” खेलकूद संयोजक निशांत गोयल ने जानकारी दी कि “सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले कल सुबह 10 बजे से खेले जाएंगे।” मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी दर्शक उपस्थित रहे, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना रहा।