नीमच मंदसौर की सभी तहसीलों में संवाददाता नियुक्त करना है इच्छुक पत्रकार संपर्क करें 9589382995

अठाना। नगर के ऐतिहासिक और प्राचीन धार्मिक स्थल श्री खाकल देव जी मंदिर में माघ मास की सुदी सप्तमी के पावन अवसर पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुए। मंदिर विकास समिति के तत्वाधान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम को लेकर मंदिर परिसर में आकर्षक विद्युत सज्जा की गई थी। धार्मिक अनुष्ठानों की रही धूम आयोजन की शुरुआत रविवार को भगवान के विशेष दुग्धाभिषेक और पूजा-अर्चना के साथ हुई। रात्रि में हवन-अनुष्ठान का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां दीं। पूरी रात चले भजन जागरण में स्थानीय कलाकारों और नागरिकों ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण धर्ममय हो गया। दानपात्र से निकली राशि और महाआरती आज सोमवार सुबह मंदिर का अर्धवार्षिक दानपात्र खोला गया, जिसमें से कुल 12,736 रुपये की राशि प्राप्त हुई। इसके पश्चात मंदिर में महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर कन्या पूजन किया गया और उपस्थित भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर विकास समिति ने बताया कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना के साथ यह आयोजन प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी व्यापक स्तर पर किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों का भरपूर सहयोग रहा।