जावद। क्षेत्र में पिछले दिनों हुई असमय ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। फसलों को हुए भारी नुकसान का जायजा लेने के लिए विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने प्रभावित क्षेत्रों का सघन दौरा किया। विधायक ने सरोदा, चड़ोल, मोड़ी खेड़ा और रूपपुरा सहित विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर खेतों का निरीक्षण किया और किसानों से सीधा संवाद कर उन्हें ढांढस बंधाया। निरीक्षण के दौरान विधायक सकलेचा ने फसलों की स्थिति देख चिंता व्यक्त की और मौके पर ही राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे तत्काल सर्वे कार्य पूर्ण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नुकसान का सटीक आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत राशि प्रदान की जा सके। इस अवसर पर उनके साथ मंडल महामंत्री जयप्रकाश पंडाला, जावद जनपद अध्यक्ष गोपाल चरण, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि अठाना सचिन जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। सकलेचा ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह उनके साथ है और नुकसान की भरपाई के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।