सिंगोली। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्य स्मृति में बुधवार को नगर कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन सिंगोली में प्रातः 9:30 बजे श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ नेता पंकज तिवारी, सुधीर लसोड़, राजू नांदेचा, कमल शर्मा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेश भंडारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सत्यनारायण धाकड़, अल्पसंख्यक अध्यक्ष इमरान भाई, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बनवारी जोशी, पूर्व नगर अध्यक्ष राजेश कुमार नागौरी, पूर्व मंडलम अध्यक्ष संदीप अग्रवाल, युवा नेता राजकुमार छीपा, धीरज जैन, प्रताप सिंह, गोटू धाकड़, सत्यनारायण बिश्नोई, खाजू भाई, पप्पू भाई ठाकुर, संजय भंडारी एवं इकबाल भाई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। *वक्ताओं ने किया पुण्य स्मरण* नगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेश भंडारी ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को आधुनिक सोच, तकनीकी विकास और युवाओं को नई दिशा देने का कार्य किया। कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब, किसान, मजदूर एवं आमजन की आवाज रही है और आज भी कांग्रेस की विचारधारा के प्रति लोगों में गहरा विश्वास है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सत्यनारायण धाकड़ ने कहा कि राजीव गांधी ने देश की एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनके विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बनवारी जोशी ने कहा कि राजीव गांधी दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने गांव, गरीब और किसानों के विकास को प्राथमिकता दी तथा देश को नई तकनीकी क्रांति की ओर अग्रसर किया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजू नांदेचा ने कहा कि राजीव गांधी ने हमेशा सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की राजनीति को महत्व दिया। उनके आदर्शों पर चलकर ही देश में मजबूत लोकतंत्र कायम रह सकता है। युवा नेता राजकुमार छीपा ने कहा कि राजीव गांधी युवाओं की उम्मीद और देश के भविष्य की नई सोच थे। उन्होंने युवाओं को राजनीति और राष्ट्र निर्माण में आगे आने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में नगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेश भंडारी ने सभी उपस्थित कांग्रेसजनों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।