फारबिसगंज। आर.बी. लेन स्थित तेरापंथ भवन के जय सभागार में स्थानीय तेरापंथ महिला मंडल द्वारा आयोजित एक दिवसीय ‘श्री उत्सव’ कार्यक्रम सानंद संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर की मुख्य पार्षद वीणा देवी एवं उप पार्षद नूतन भारती ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन सत्र में तेरापंथ सभा के अध्यक्ष महेंद्र बैद, मंत्री मनोज भंसाली, तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष पंकज नाहटा, मंत्री ऋषभ सिंघी, हेमंत चिंडालिया, सुशील घोषल, निर्मल बैद, दधीचि देहदान समिति से अजातशत्रु अग्रवाल, मारवाड़ी युवा मंच से गौरव लुनिया, नितेश अग्रवाल, वीरेन्द्र राजगढ़िया,आदर्श गोयल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। महिला मंडल की अध्यक्ष समता दूगड़, उपाध्यक्ष सविता महनोत, उपासिका प्रभादेवी सेठिया, कमला महनोत एवं अन्य सदस्यों ने अतिथियों का जैन प्रतीक चिन्ह पहनाकर स्वागत व सम्मान किया। इस अवसर पर अध्यक्ष समता दूगड़ ने मंडल द्वारा संचालित चारों योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘श्री उत्सव’ तेरापंथ महिला मंडल का प्रमुख प्रकल्प है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ाना और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में यह कार्यक्रम देशभर की शाखाओं द्वारा 15 जून से 15 जुलाई के बीच आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में इस वर्ष लगभग 30 प्रकार के शॉपिंग, फूड और गेम्स स्टॉल लगाए गए थे। स्टॉल संचालकों में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने अपने उत्पादों की जानकारी आगंतुकों को दी। ग्राहकों ने भी संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से एक ही छत के नीचे विभिन्न प्रकार के सामान, मनोरंजन और खानपान की सुविधा उपलब्ध हो जाती है। मुख्य पार्षद वीणा देवी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि तेरापंथ महिला मंडल एक सक्रिय संस्था है, जो समय-समय पर नारी शक्ति के उत्थान के लिए सराहनीय कार्य करती है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को आत्मविश्वास मिलता है और आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त होती है। कार्यक्रम की संयोजिका अंजू बैद, सारिका बैद, सोनू पटावरी, बबीता डागा एवं ममता डागा ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। ‘श्री उत्सव’ में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही और अतिथियों ने महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने वाले इस आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।