फारबिसगंज। तेरापंथ युवक परिषद, फारबिसगंज की नवगठित कार्यकारिणी (2026-27) का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को आर.बी. लेन स्थित तेरापंथ भवन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने सेवा, संस्कार और संगठन की भावना के साथ समाज एवं राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ ली। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवनिर्वाचित अध्यक्ष पंकज नाहटा ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष प्रथम ऋषभ डागा, उपाध्यक्ष द्वितीय आशीष बैद, मंत्री ऋषभ सिंघी, सहमंत्री प्रथम पीयूष डागा, सहमंत्री द्वितीय चंदन रांका, कोषाध्यक्ष गौरव राखेचा तथा संगठन मंत्री हर्ष बैद सहित सभी पदाधिकारियों ने विधिवत अपने दायित्व ग्रहण किए। समारोह में वर्ष 2026-27 की कार्यकारिणी एवं परिषद की विभिन्न विभागीय इकाइयों का परिचय भी कराया गया। नेत्रदान टीम, जैन संस्कार विधि टीम, जैन तेरापंथ न्यूज़, मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव, सामायिक साधक टीम, भजन मंडली तथा फिट युवा–हिट युवा टीम के प्रभारी एवं सह-प्रभारियों ने भी अपने-अपने दायित्व स्वीकार किए। इस अवसर पर तेरापंथ युवक परिषद के गठन के उपरांत नवगठित तेरापंथ किशोर मंडल का भी शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। मोहित डागा को सर्वसम्मति से किशोर मंडल का संयोजक तथा संयम सेठिया को सह-संयोजक मनोनीत किया गया। दोनों पदाधिकारियों ने संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष पंकज नाहटा ने अपने संबोधन में कहा कि तेरापंथ युवक परिषद सेवा, संस्कार और संगठन की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आगामी वर्ष में परिषद रक्तदान, नेत्रदान, स्वास्थ्य सेवा, जैन संस्कार विधि, युवा जागरण तथा सामाजिक सेवा जैसे जनकल्याणकारी अभियानों को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी स्वरूप में संचालित करेगी। कार्यक्रम का शुभारंभ उपासिका प्रभा सेठिया के मंगलपाठ से हुआ। इसके पश्चात तेरापंथ सभा के उपाध्यक्ष मुकेश राखेचा ने श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन कराया। तेयुप के साथियों द्वारा प्रस्तुत विजय गीत ने पूरे सभागार में उत्साह एवं नई ऊर्जा का संचार किया। इस अवसर पर तेरापंथ सभा के अध्यक्ष महेंद्रजी बैद ने नवगठित टीम को शुभकामनाएँ देते हुए दायित्वों का समर्पण, अनुशासन एवं सक्रियता के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया। उपासिका जी, तेरापंथ महिला मंडल की मंत्री तथा तेरापंथ युवक परिषद के निवर्तमान अध्यक्ष ने भी अपने उद्बोधन में नई टीम के उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। समारोह में तेरापंथ सभा, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ कन्या मंडल, तेरापंथ युवक परिषद के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, विभिन्न विभागीय टीमों के सदस्य, समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में युवा साथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, अनुशासन एवं संगठनात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा।