फारबिसगंज, 19 जुलाई। तेरापंथ युवक परिषद, फारबिसगंज द्वारा नोबेल मेडिकल कॉलेज टीचिंग हॉस्पिटल, विराटनगर (नेपाल) के सहयोग से रविवार को तेरापंथ भवन, आर.बी. लेन में "आरोग्यम – एक कदम स्वस्थ समाज की ओर" विषय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 500 लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श एवं विभिन्न जांच सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में नोबेल मेडिकल कॉलेज टीचिंग हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. निरंजन कुमार, उपनिदेशक डॉ. वंदना पौडेल सहित स्त्री एवं प्रसूति रोग, हृदय रोग, कैंसर, अस्थि रोग, शिशु रोग, मनोरोग, रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी एवं गैस्ट्रोएंटरोलॉजी सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिए। शिविर में निःशुल्क ओपीडी परामर्श, ईसीजी, प्रयोगशाला जांच, इकोकार्डियोग्राफी, अल्ट्रासोनोग्राफी तथा कैंसर स्क्रीनिंग जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। फारबिसगंज के अलावा घुरना, फुलकाहा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे और शिविर का लाभ उठाया। उद्घाटन सत्र की शुरुआत उपासिका प्रभा देवी सेठिया के साथ सामूहिक नमस्कार महामंत्र के स्मरण से हुई। इसके बाद नोबेल मेडिकल कॉलेज से आए सभी चिकित्सकों का तेरापंथ समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा सम्मान किया गया। फारबिसगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के मुख्य संरक्षक मूलचंद गोलछा को भी सम्मानित किया गया। स्वागत भाषण में महेंद्र बैद ने सभी अतिथियों एवं चिकित्सकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि तेरापंथ समाज निरंतर सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को लाभान्वित करने का प्रयास करता रहा है। उन्होंने समाज द्वारा संचालित विभिन्न सेवा गतिविधियों की भी जानकारी दी। तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष पंकज नाहटा ने कहा कि परिषद "सेवा, संस्कार और संगठन" के तीन प्रमुख आयामों को लेकर निरंतर जनहित के कार्यक्रम आयोजित करती रहती है तथा भविष्य में भी ऐसे शिविर जारी रहेंगे। नगर परिषद की मुख्य पार्षद वीणा देवी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। नोबेल मेडिकल कॉलेज के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश नेपाल ने अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं एवं विशेष रूप से कैंसर सहित गंभीर बीमारियों के उपचार की जानकारी दी। उद्घाटन सत्र का संचालन मेडिकल टीम के रतन कुमार एवं तेरापंथ युवक परिषद के मंत्री ऋषभ सिंघी ने संयुक्त रूप से किया। तेरापंथ समाज ने बताया कि समाज की विभिन्न संस्थाएं समय-समय पर मानव कल्याण के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, मरणोपरांत नेत्रदान जागरूकता, होम्योपैथिक चिकित्सा सेवा, फिजियोथेरेपी केंद्र तथा महिला मंडल के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर जांच जैसे अनेक सेवा कार्य संचालित करती रही हैं। कार्यक्रम के अंत में तेरापंथ समाज ने नोबेल मेडिकल कॉलेज टीचिंग हॉस्पिटल, सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों, दानदाताओं, प्रशासन, मीडिया तथा नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजहित एवं जनकल्याण के ऐसे सेवा कार्य भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। शिविर को सफल बनाने में तेरापंथ समाज की सभी संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने पूरे समर्पण के साथ सक्रिय भूमिका निभाई।