नीमच मंदसौर की सभी तहसीलों में संवाददाता नियुक्त करना है इच्छुक पत्रकार संपर्क करें 9589382995

फारबिसगंज/पूना -- फारबिसगंज के गौरव, निशित लढ़ा ने एक बार फिर अपनी अद्भुत साहसिक उपलब्धियों से क्षेत्र और देश का नाम रोशन किया है। स्वर्गीय श्री फूलचंद लढ़ा के पौत्र एवं श्री ओम प्रकाश लढ़ा (वर्तमान निवासी कोलकाता) के पुत्र निशित लढ़ा, जो वर्तमान में पूना में निवास कर रहे हैं, ने 11 अप्रैल 2026 को विश्व प्रसिद्ध एवरेस्ट बेस कैंप (ऊंचाई 5365 मीटर / 17,598 फीट) तथा काला पत्थर (ऊंचाई 5555 मीटर / 18,222 फीट) की कठिन चढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी कर एक नई मिसाल कायम की है। निशित की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि फारबिसगंज शहर और लढ़ा परिवार के लिए भी गर्व का विषय बन गई है। इससे पूर्व भी निशित जनवरी 2023 में लेह (लद्दाख) में आयोजित प्रसिद्ध “द चादर ट्रेक” (Frozen River Trek, लगभग 11,000 फीट) को सफलतापूर्वक पूरा कर चुके हैं, जो दुनिया के सबसे कठिन ट्रेक्स में से एक माना जाता है। साहसिक गतिविधियों के साथ-साथ निशित खेलों में भी सक्रिय हैं। वे कई फुल और हाफ मैराथन में भाग लेकर अपनी फिटनेस और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दे चुके हैं। निशित लढ़ा की इन उल्लेखनीय उपलब्धियों ने न केवल उनके परिवार, बल्कि उनके जन्मस्थान फारबिसगंज और पूरे देश को गौरवान्वित किया है। स्थानीय लोगों और समाज के विभिन्न वर्गों ने उनकी इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।