सिंगोली:- 3 मई 2026 स्थानीय महावीर मांगलिक भवन, पाण्डे जी की बावड़ी में आज प्रातः 5:30 से 7:30 बजे तक एक दिवसीय _विशाल अर्हम ध्यान योग शिविर_ का सफल आयोजन किया गया। सकल दिगंबर जैन समाज, सिंगोली के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में _परम पूज्य अर्हम योग प्रणेता मुनि श्री 108 प्रणम्य सागर जी महाराज ससंघ_ का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। नगर के सर्वसमाज से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुनि श्री ने कहा, _"योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, अनिद्रा और असाध्य रोगों से बचने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय अर्हम योग है।"_ उन्होंने बताया कि 40 दिन तक प्रतिदिन 20 मिनट अर्हम ध्यान करने से शारीरिक परिवर्तन के साथ मन की शुद्धि, मानसिक शांति, एकाग्रता और शारीरिक ऊर्जा में अद्भुत लाभ मिलते हैं। *शिविर के मुख्य आकर्षण:* 1. *रोग मुक्ति प्रशिक्षण:* मधुमेह, रक्तचाप एवं जोड़ों के दर्द से मुक्ति के लिए विशेष योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। 2. *नि:शुल्क टी-शर्ट वितरण:* प्रथम 100 प्रतिभागियों के साथ-साथ सभी शिविरार्थियों को स्मृति स्वरूप 'अर्हम योग' लिखी टी-शर्ट भेंट की गई, जिससे युवाओं में विशेष उत्साह रहा। 3. *ड्रेस कोड बना आकर्षण:* मुनि श्री के सानिध्य में दिगंबर जैन समाज व सर्वसमाज जन एक ही सफेद अर्हम योग टी-शर्ट में नजर आए, जो एकता और समरसता की मिसाल बना। 4. *पत्रकार सम्मान:* श्री मज्जिनेन्द्र पंचकल्याणक, महावीर जन्मोत्सव एवं अर्हम योग कार्यक्रमों को सफल बनाने में प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सहयोग हेतु पत्रकारों का सम्मान किया गया। 5. *स्वल्पाहार:* दो घंटे के योग सत्र के पश्चात सभी साधकों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था रही। 6. *व्यापक सहभागिता:* बोराव, झांतला, थड़ोद, धनगांव, कदवासा, धारड़ी,डाबी, लांबाखोह, बिजौलिया, चेची,कांकरिया तलाई,रतनगढ़,डीकेन,मोर वन,नीमच,जावद,टुकराई, बेगूं, रावतभाटा सहित आदि आसपास के क्षेत्रों से महिला-पुरुष शिविर में पहुंचे। सकल दिगंबर जैन समाज के संरक्षक कैलाश जैन, पारस जैन, अध्यक्ष भरत जैन, महामंत्री पारस जैन एवं कोषाध्यक्ष राजेंद्र जैन ने सामूहिक रूप से बताया कि शिविर का उद्देश्य नगरवासियों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। समापन पर सभी ने मुनि श्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की मांग की। कार्यक्रम संचालन योग आचार्य चिंनमय जैन एवं नयन जैन शास्त्री द्वारा एवं आयोजन में पधारे सभी शिवरार्थीयो का आभार समाज अध्यक्ष भरत जैन द्वारा प्रकट किया गया कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।