नीमच मंदसौर की सभी तहसीलों में संवाददाता नियुक्त करना है इच्छुक पत्रकार संपर्क करें 9589382995

सिंगोली। वीर तेजाजी चौक स्थित नवनिर्मित श्री राम जानकी श्रीयादे माँ मंदिर में चल रहे पंच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत सोमवार को नगर में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। प्रातः 9:15 बजे मंदिर प्रांगण से बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर शुरू हुई शोभायात्रा बजरंग व्यायाम शाला पहुंची जहाँ 251 महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर नगर भ्रमण किया। बजरंग व्यायाम शाला से प्रारंभ होकर कलश शोभा यात्रा बस स्टैंड, महाराणा प्रताप चौक,बापू बाजार, चौधरी चौक, होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण पहुंची। मार्ग में महाराणा प्रताप चौक सहित जगह-जगह व्यापारियों एवं समाजजनों ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया एवं शोभायात्रा में शामिल महिला पुरुषों बच्चों के ठण्डे जल का जलपान कराया ‘जय श्री राम’, ‘जय श्रीयादे माँ’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा नगर धर्ममय हो गया। शोभायात्रा में शामिल 251 महिलाएं लाल,पीले परिधान में सिर पर कलश लिए चल रही थी सबसे आगे घोड़े पर सवार ध्वज वाहक, उसके पीछे बैंड पार्टी और भजन मंडलियां भजनों की प्रस्तुति देते चल रही थीं। युवाओं की टोली केसरिया ध्वज लेकर ‘जय श्री राम’ के नारे लगा भजनों पर नृत्य करते चल रही थी आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि अखिल भारतीय प्रजापत समाज के तत्वावधान में 10 मई से 14 मई तक चल रहे इस महोत्सव का आज दूसरा दिन था। कलश स्थापना के साथ ही वेदी पूजन एवं पंच कुण्डात्मक यज्ञ का शुभारंभ भी किया गया। 12 मई को रात्रि 8:30 बजे प्रसिद्ध भजन गायक बालकृष्ण प्रजापति व नरेश प्रजापति की भजन संध्या होगी। 14 मई गुरुवार को दोपहर 12:15 बजे मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा, शिखर कलशारोहण एवं पूर्णाहुति के पश्चात महाआरती होगी। दोपहर 1 बजे से देर शाम तक महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। मध्यप्रदेश एवं राजस्थान आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजबंधु शोभायात्रा में शामिल होने पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा।