अठाना। नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 13 (बावड़ी चौक क्षेत्र) में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को लेकर आज महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। पानी की किल्लत और दूषित सप्लाई से परेशान वार्ड की दर्जनों महिलाओं ने वार्ड पार्षद सतीश धाकड़ के नेतृत्व में नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) के नाम एक ज्ञापन सौंपा। सीएमओ की अनुपस्थिति में यह आवेदन लेखपाल दिनेश धाकड़ को प्राप्त कराया गया।महिलाओं ने आवेदन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बावड़ी चौक क्षेत्र के करीब 15 घरों में हनुमंतिया रोड स्थित सरकारी कुएं से बेहद गंदे और दूषित पानी की सप्लाई की जा रही है। इससे स्थानीय निवासियों को दैनिक कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें देने के बाद भी प्रशासन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। बीमारी फैलने का डर, टंकी से जोड़ने की मांगमहिलाओं ने बताया कि दूषित पानी के लगातार सेवन और उपयोग से पूरे क्षेत्र में महामारी और गंभीर बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने मांग की है कि वार्ड क्रमांक 13 की पेयजल लाइन को तुरंत मुख्य पानी की टंकी से जोड़ा जाए ताकि सभी को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल मिल सके। कलेक्टर से करेंगी शिकायत परिषद को अल्टीमेटम देते हुए महिलाओं ने साफ कहा कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी। इसके साथ ही पीड़ित महिलाएं इस मामले को लेकर शीघ्र ही जिला कलेक्टर से मिलकर भी अपनी गुहार लगाएंगी। इस दौरान बड़ी संख्या में वार्ड की महिलाएं उपस्थित रहीं।