अठाना धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने हेतु अठाना में भव्य नानी बाई रो मायरो कथा आयोजन का शुभारंभ आज 17 मई रविवार से होने जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 21 मई तक प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक आयोजित होगा। आयोजन स्थल अठाना स्थित अन्नपूर्णा माताजी मंदिर परिसर रहेगा, यहां पवित्र भूमि पर कथा वाचन का सौभाग्य प्रसिद्ध कथावाचक गुरुदेव मदनजी नागदा (ऊंचेड वाले) के मुखारविंद से नानी बाई रो मायरो की मार्मिक एवं भक्तिमय कथा श्रवण कर श्रद्धालु धर्म, भक्ति एवं संस्कारों से जुड़ेंगे। आयोजन समिति द्वारा घर-घर जाकर पीले चांवल वितरित किए गए हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं फूलों से सजाया जा रहा है। प्रतिदिन भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धालुओं के बैठने एवं पेयजल आदि की विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर धर्मलाभ लेने की अपील की है।