मनासा। ग्राम पंचायत अल्हेड़ 21 जून को विकास का नया अध्याय लिखने जा रही हैं। यहां 1 करोड़ 8 लाख 75 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और ग्रामवासियों को विकास कार्यों की सौगात समर्पित करेंगे। कार्यक्रम सायं 6 बजे जैन धर्मशाला, पिपली चौक, अल्हेड़ में आयोजित होगा। ग्राम पंचायत अल्हेड़ लंबे समय से क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए पहचान बना रही है। ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पंचायत स्तर पर लगातार अधोसंरचना विकास के कार्य किए गए हैं। इसी कड़ी में 37 लाख 75 हजार रुपये की लागत से निर्मित नवीन पंचायत भवन बनकर तैयार हो गया है, जिसका लोकार्पण भी इसी अवसर पर किया जाएगा। नवीन भवन के निर्माण से पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, जिला महामंत्री नरेंद्र मालवीय, जिला मंत्री अश्विन सोनी, भाजपा दीनदयाल मंडल अध्यक्ष कैलाश पुरोहित, जिला पंचायत सदस्य धापूबाई श्यामलाल वसीटा एवं जनपद सदस्य सीताबाई गंगाराम कछावा उपस्थित रहेंगे। ग्राम पंचायत सरपंच आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि ग्राम पंचायत अल्हेड़ को माननीय विधायक श्री अनिरुद्ध (माधव) मारू का सदैव स्नेह, मार्गदर्शन एवं सानिध्य प्राप्त हुआ है। विधायक श्री मारू के सहयोग और प्रयासों से ग्राम में विकास कार्यों को नई गति मिली है तथा अनेक महत्वपूर्ण सौगाते स्वीकृत होकर पूर्ण हुई हैं। पंचायत को नवीन पंचायत भवन की सौगात मिलने के साथ-साथ ग्राम की अधिकांश गलियों एवं मोहल्लों में सीसी रोड निर्माण कार्य भी पूर्ण हो चुके हैं। इससे ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिली है और ग्राम का स्वरूप भी बदला है। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले इस समारोह में लगभग 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित चार नवीन सीसी रोडों का भी लोकार्पण किया जाएगा, जिससे ग्राम विकास को और अधिक मजबूती मिलेगी। माननीय विधायक श्री मारू ने विकास के हर क्षेत्र में अल्हेड़ को प्राथमिकता प्रदान की है। धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आधारभूत संरचना के विकास के लिए निरंतर सहयोग दिया गया है। परिणामस्वरूप आज ग्राम में मांगलिक भवन, डोम निर्माण, धर्मशाला, गार्डन, खेल मैदान तथा सड़क निर्माण जैसे अनेक कार्य पूर्ण होकर जनता को समर्पित होने जा रहे हैं। 21 जून ग्राम अल्हेड़ के लिए ऐतिहासिक दिन होगा, क्योंकि एक ही मंच से एक करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। यह आयोजन ग्राम के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा तथा आने वाले वर्षों में ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। सरपंच श्रीवास्तव ने सभी ग्रामवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह को सफल बनाने का आग्रह किया है। यह आयोजन ग्राम के विकास, जनभागीदारी और जनप्रतिनिधियों के सहयोग का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा इन विकास कार्यों का होगा लोकार्पण- पंचायत भवन निर्माण – 37.75 लाख रुपये, सांस्कृतिक (मांगलिक) भवन निर्माण – 10 लाख रुपये डोम निर्माण, आईजी माता मंदिर – 15 लाख रुपये, डोम निर्माण, पिपली चौक उपासरा – 10 लाख रुपये, धनगर समाज धर्मशाला निर्माण – 10 लाख रुपये, गार्डन निर्माण, अल्हेड़ – 10 लाख रुपये, चार सीसी रोड निर्माण – 12 लाख रुपये, खेल मैदान निर्माण – 4 लाख रुपये