नई दिल्ली। सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रही दस्तक संस्था को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान प्रकोष्ठ, दिल्ली प्रदेश द्वारा आयोजित भव्य "अभिनंदन एवं सेवा-समर्पण सम्मान समारोह" में संस्था को "विशिष्ट गौरव सम्मान" से सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्था द्वारा वर्षों से किए जा रहे सेवा, समर्पण और जनहित के कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है। समारोह में दस्तक संस्था की ओर से अध्यक्ष श्री सुनील भंसाली, संस्था के सदस्य श्री विजय कुमार बैद, श्री शांतिलाल चंडालिया एवं श्री नवरत्न संचेती ने सम्मान ग्रहण किया। सम्मान भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान प्रकोष्ठ, दिल्ली प्रदेश के सर्व प्रकोष्ठ प्रभारी श्री अशोक ठाकुर एवं प्रदेश संयोजक सीए श्रीराम अटल के करकमलों से प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने के पश्चात संस्था के प्रतिनिधियों ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे समाजसेवा के प्रति और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा बताया। दस्तक संस्था लंबे समय से सामाजिक उत्थान, सांस्कृतिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, जनजागरूकता एवं विभिन्न जनकल्याणकारी अभियानों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच उल्लेखनीय कार्य करती आ रही है। संस्था का उद्देश्य सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को सशक्त बनाते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। संस्था की इसी निरंतर सक्रियता और जनसेवा की भावना को देखते हुए उसे यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि दस्तक संस्था से जुड़े प्रत्येक सदस्य, कार्यकर्ता और शुभचिंतक के समर्पण एवं अथक परिश्रम का सम्मान है। यह उपलब्धि संस्था को भविष्य में भी समाजहित के कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर करने के लिए प्रेरित करेगी। दस्तक संस्था को मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संस्था के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि संस्था भविष्य में भी सेवा, संस्कार और समाजहित के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करते हुए जनकल्याण के कार्यों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।